6 नवंबर को प्रस्तावित समारोह में मिलेगा सम्मान
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। दूरसंचार विभाग की ओर से संचालित सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआईआर) योजना के तहत खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन की रिकवरी में जिला शिमला ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है।
इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शिमला पुलिस को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। शिमला पुलिस को यह सम्मान उत्तर क्षेत्रीय सुरक्षा सम्मेलन में मिलेगा। यह सम्मेलन 6 नवंबर को सोलन जिले में होगा। सीईआईआर रैंकिंग फ्रेमवर्क के आधार पर हिमाचल में शिमला जिला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली इकाई के रूप में चयनित हुआ है। सीईआईआर योजना भारत सरकार के संचार मंत्रालय के तहत संचालित की जाती है। यह चोरी या खोए मोबाइल फोन की पहचान और रिकवरी के लिए एक केंद्रीय डाटाबेस के रूप में कार्य करती है। यह योजना इंटरनेशनल मोबाइल इक्विपमेंट आइडेंटिटी (आईएमईआई) नंबर के माध्यम से उपकरणों को ब्लॉक करने और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सहायता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उत्तर क्षेत्रीय सुरक्षा सम्मेलन में दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, उत्तर प्रदेश (पूर्वी) और उत्तर प्रदेश (पश्चिमी) के लाइसेंस सेवा क्षेत्र के अधिकारी भाग लेंगे। इसके अलावा उत्तर क्षेत्र के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की केंद्रीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। सम्मेलन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जिला और रेलवे पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा। एसएसपी संजीव कुमार गांधी ने कहा कि यह पुरस्कार हमारी टीम की कड़ी मेहनत और सीईआईआर जैसे आधुनिक उपकरणों के उपयोग का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि हम भविष्य में भी साइबर अपराधों और मोबाइल चोरी के मामलों को सुलझाने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे। दूरसंचार विभाग के उपमहानिदेशक संदीप आर्य ने शिमला के पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी को लिखे पत्र में इसकी जानकारी दी है।