शाही महात्मा और राधे गैंग के बाद जिला पुलिस ने कोटखाई में चिट्टा तस्करी करने वाले रंजन गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस दावा है कि यह गिरोह कोटखाई क्षेत्र में पिछले चार से पांच सालों से सक्रिय था। गिरोह पंजाब से चिट्टे की तस्करी करता था और इसके बाद क्षेत्र में इसे नशे के आदी युवाओं को सप्लाई किया जाता था। पुलिस ने सरगना और गिरोह के सदस्यों के बीच खातों में हुए लाखों के लेनदेन के आधार पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। मामला उस समय सामने आया है जब पुलिस ने 13 सितंबर को इस गिरोह के सरगना रंजन शर्मा, सुमन साही और कमल आचार्य को गिरफ्तार किया।
विज्ञापन
पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि यह एक पूरा गिरोह है, जो कि क्षेत्र में लंबे समय से चिट्टे की तस्करी कर रहा है। प्रारंभिक जांच के बाद तथ्य सामने आने पर पुलिस ने सरगना के बैंक खातों में हुए लेनदेन की जांच शुरू की। इस दौरान कुछ समय के बैंकों से मिले रिकॉर्ड को खंगालने पर पता चला कि इनके बीच लाखों का लेनदेन हुआ है। पुलिस का दावा है कि सरगना के साथ गिरोह के सदस्यों का करीब 70 लाख रुपये का लेनदेन हुआ है। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाया और सोमवार को गिरोह से जुड़े छह व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह में गांव गुजांदली (टिक्कर) निवासी 38 वर्षीय विकास दत्ता, गांव कराली (कोटखाई) निवासी 39 वर्षीय लोकेंद्र कंवर, गांव कुपड़ीनाला (कोटखाई) निवासी 31 वर्षीय सचिन चौहान, गांव जलटहार(कोटखाई) निवासी 38 वर्षीय कपिल सावंत, गांव आदर्शनगर(कोटखाई) निवासी 40 वर्षीय प्रमोद खिमटा और नहरैईक गांव सहदोली (कोटखाई) निवासी 31 वर्षीय अभिलाष शामिल हैं।
इससे पहले पुलिस रामपुर और रोहडू़ और जुब्बल क्षेत्र में चिट्टा तस्करी का नेटवर्क चला रहे शाही महात्मा और राधे गैंक का पर्दाफाश कर चुकी है। पुलिस इन दोनों गिरोह के सरगना समेत कई सदस्यों को सलाखों के पीछे डाल चुकी है और दावा है कि जल्द इन मामलों में और गिरफ्तारियां होंगी। अब देखना यह है कि रंजन गैंग के खिलाफ कार्रवाई में आने वाले दिनों में कितने तस्कर सलाखों के पीछे जाते हैं।
ड्रग सिंडिकेट चला रहे रंजन शर्मा के गिरोह को पकड़ने में पुलिस को सफलता हाथ लगी है। इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। अब पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है - सिद्धार्थ शर्मा, डीएसपी ठियोग