किसी शायर की गजल ड्रीम गर्ल...। कभी हर जवां दिल की ड्रीम गर्ल शिमला के रिज मैदान पर पहुंची तो हर किसी की जुबान पर इस गाने के बोल आ गए। हाथ में चिट्ठी लिए फिल्म शोले की बसंती किसी का पता पूछते नजर आईं। हेमा मालिनी निर्माता निर्देशक रमेश सिप्पी की फिल्म ‘शिमला मिर्ची’ की शूटिंग के सिलसिले में शिमला आई हैं। शनिवार को स्कैंडल प्वाइंट और मालरोड स्थित टाउन हाल के पास फिल्म की शूटिंग हुई।
इस दौरान बॉलीवुड अदाकारा हाथ में चिट्ठी लिए किसी का पता पूछ रही थीं। इस बीच, वह रमेश सिप्पी के पास पता पूछने पहुंचीं। सिप्पी ने भी पता बताने में अनभिज्ञता जताई। हेमा शहर के आम लोगों से भी पता पूछते नजर आईं। शनिवार सुबह आठ बजे फिल्म की शूटिंग शुरू हुई और शाम को साढ़े छह बजे तक लाइट, कैमरा और एक्शन का दौर चलता रहा।