हिल्सक्वीन में 20 सितंबर से बॉलीवुड के सितारों का मेला लगने वाला है। फिल्म शिमला मिर्ची की शूटिंग के लिए निर्माता निर्देशक रमेश सिप्पी अपनी टीम के साथ शिमला पहुंचने वाले हैं। शूटिंग के लिए ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी भी 20 सितंबर को शिमला पहुंचेंगी। फिल्म शिमला मिर्ची के शूटिंग कोआर्डिनेटर मनु सूद ने यह जानकारी दी।
रमेश सिप्पी की रोमांटिक कॉमेडी शिमला मिर्ची में हेमा मालिनी अहम किरदार निभा रही हैं। फिल्म की कहानी शिमला पर आधारित है। इसलिए फिल्म का नाम शिमला मिर्ची रखा गया है। करीब चार दशक बाद अभिनेत्री हेमा मालिनी और निर्देशक रमेश सिप्पी इस फिल्म में एकसाथ काम करने जा रहे हैं।
फिल्म बड़ी है, इसलिए शिमला में तैयारियां भी जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं। फिल्म एक अकेली मां और उसकी बेटी की कहानी पर आधारित है। इसमें दोनों एक ही इंसान के प्रेम में पड़ जाती हैं। मां के किरदार में हेमा मालिनी हैं। उनकी बेटी का किरदार साउथ की चर्चित अभिनेत्री राकुल प्रीत सिंह निभा रही हैं।
फिल्म की शूटिंग लोकेशन फाइनल करने को रमेश सिप्पी बीते माह शिमला आ चुके हैं। फिल्म की शूटिंग रिज मैदान, माल रोड, संकट मोचन, नालदेहरा और कुफरी में होनी है। इसमें नायक की भूमिका में राजकुमार राव होंगे।
फिल्माए एड फिल्म के शॉट
रविवार को मालरोड और रिज मैदान पर एड फिल्म की शूटिंग हुई। शूटिंग सुबह करीब दस बजे से शुरू हुई और देर शाम तक शॉट फिल्माए गए।