भूस्खलन के बाद से लेकर सड़क के वनवे होने तक वाहनों को संजौली बाजार और अन्य वैकल्पिक सड़कों से भेजने की व्यवस्था की गई। मौके पर पुलिस के जवानों की तैनाती भी की गई, जिससे ट्रैफिक संचालन में कोई परेशानी न रहे। मौके पर मौजूद लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता गौरव रावत ने बताया कि सड़क पर आए मलबे को हटाने का कार्य कल ही किया जाएगा। लंबीधार में भूस्खलन वाले स्थान पर एक प्लाॅट की कटिंग कुछ दिन पूर्व की गई थी। गुरुवार को अचानक पहाड़ी दरक गई। कनिष्ठ अभियंता ने बताया कि साथ के प्लॉट मालिक ने शुक्रवार सुबह भूस्खलन के मलबे को हटाने की बात मानी है। इससे शुक्रवार दोपहर बाद तक सड़क पर दोनों ओर से ट्रैफिक शुरू होने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग के अधीशासी अभियंता नवीन कौंडल ने बताया कि मौके पर मौजूद कनिष्ठ अभियंता की ओर से मिली जानकारी के अनुसार इस भूस्खलन से कोई जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।