शिमला के जतोग हादसे के एक और घायल की मौत हो गई है। मारुति वैन हादसे में घायल हुए राजकुमार ने आईजीएमसी अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार घायल राजकुमार का अस्पताल में उपचार चल रहा था।
मगर चोटें गंभीर होने के कारण इसकी हालत बिगड़ गई। मंगलवार सुबह इसने भी दम तोड़ दिया। अब तक इस हादसे में दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, दो बच्चों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
इनका आईजीएमसी में उपचार चल रहा है। गौरतलब है कि सोमवार शाम जतोग के पास एक मारुति वैन सड़क से नीचे लुढ़क गई थी। इससे डीएवी टुटू के दो स्कूली बच्चों की मौत हो गई जबकि चार बच्चे घायल हो गए थे।
हादसे में वैन चालक और एक अन्य युवक राजकुमार घायल हो गए थे। मृतक बच्चों की पहचान करण ठाकुर (6) पुत्र प्रमोद ठाकुर निवासी बायचड़ी और हर्ष वर्मा (7) पुत्र विनोद वर्मा निवासी बायचड़ी के तौर पर हुई है। हादसे में घायल दो बच्चों निहारिका (6) और पार्थ (5) का उपचार चल रहा है।