गुड़िया मामले से जुडे़ लॉकअप हत्याकांड में आईजी जहूर एच जैदी समेत 5 पुलिस कर्मचारी सस्पेंड हो गए हैं। लॉकअप में 48 घंटे से अधिक समय तक रहने पर इन पर कार्रवाई हुई है।
गिरफ्तारी के तीसरे दिन वीरवार को सीबीआई ने रिमांड पर लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मियों से नई दिल्ली में कड़ी पूछताछ की। अब इन्हीं से ही गुड़िया मामले की असलियत जानने के लिए सुराग ढूंढा जा रहा है।
इस मामले में तीन पुलिस कर्मचारी पहले से ही सस्पेंड चल रहे हैं। सूरज लॉकअप हत्याकांड मामले में सीबीआई ने 29 अगस्त को हिमाचल पुलिस के आईजी जहूर एच जैदी, ठियोग के डीएसपी मनोज जोशी समेत आठ पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया था।
इनमें आईजी, डीएसपी और अन्य तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड हो गए हैं। सीबीआई का दावा है कि सूरज हत्याकांड को पुलिसकर्मियों ने ही अंजाम दिया।