राजधानी में मिठाई और खाने-पीने की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी के मामले सामने आए हैं। खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग की टीम ने शनिवार को मिडल और राम बाजार स्थित होटलों और मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिडल बाजार स्थित एक प्रतिष्ठित होटल और मिठाई की दुकान में रसगुल्लों तथा गुलाबजामुन में मरे हुए कॉकरोच मिले। वहीं राम बाजार में शौचालय के पास खुले में मिठाइयां बेचने का मामला सामने आया।
लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए विभाग की टीम ने दूषित मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट करवा दिया। इसके अलावा चार दुकानदारों को नोटिस जारी किए हैं। त्योहारी सीजन के बीच खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग ने खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर कार्रवाई की। शहर में शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे सहायक आयुक्त डॉ. विजया की अगुवाई में टीम ने मिडल बाजार स्थित एक होटल और प्रतिष्ठित मिठाई की दुकान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकान में रखे रसगुल्लों और गुलाबजामुन में मरे हुए कॉकरोच पाए गए। इस मिठाई को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। चाय के डिब्बे भी गंदे थे और रसोई में गंदगी के बीच खाद्य पदार्थ तैयार किए जा रहे थे। अलमारियों में कॉकरोच घूमते हुए भी मिले।
काम करने वाले कर्मचारियों ने स्वच्छता मानकों के तहत न तो एप्रिन पहने थे और न ही सिर पर टोपी लगाई थी। पानी के जग काले पड़े हुए थे। विभाग की टीम ने संचालक को फटकार लगाई और कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस परीक्षण करवाने के निर्देश दिए। संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद्य पदार्थ तैयार करने और परोसने के दौरान स्वच्छता का पूरा ध्यान रखा जाए।