हिमाचल की एक और बेटी ने बॉलीवुड में लंबी छलांग लगाई है। शिमला की ग्राम पंचायत घूंड के गांव मांदल की आरुषि शर्मा बड़े परदे पर खास किरदार में नजर आएंगी। दो हफ्ते बाद उनकी फिल्म लव आजकल रिलीज होने जा रही है। इन दिनों मुंबई में रह रही आरुषि का कहना है कि इम्तियाज अली के साथ काम करने का उन्हें बड़ा अवसर मिला है।
सारा और कार्तिक जैसे अनुभवी कलाकारों के साथ काम करउन्होंने बहुत कुछ सीखा है। जब आरुषि वाकनाघाट में कॉलेज में पढ़ रही थीं, उस वक्त 2014 में इम्तियाज अली की टीम फिल्म तमाशा की शूटिंग के सिलसिले से आई थी। उस वक्त ऑडिशन दिया। चयन होने पर इस फि ल्म में संयुक्ता का किरदार निभाया। इसके बाद एक दिन कास्टिंग करने वाले मुकेश छाबड़ा का फोन आया कि दिल्ली में ऑडिशन है।
यह इम्तियाज की ही फिल्म है। इम्तियाज भी वहीं थे। उन्होंने चयन कर लिया। किन्नौर में भी शूटिंग हुई। वह इस फिल्म में उदयपुर की एक लड़की का किरदार निभा रही हैं। आरुषि के पिता रामकृष्ण शर्मा और माता अपर्णा शर्मा जज हैं। आरुषि की छोटी बहन विजयिनी शर्मा दिल्ली में पढ़ाई कर रही हैं। आरुषि ने बताया कि उन्हें बनना इंजीनियर था। कोशिश और किस्मत ने बॉलीवुड पहुंचा दिया। मौका मिला तो वह रणवीर सिंह के साथ काम करना चाहेंगी।