इससे पहले करीब 12 बजे शहीद की पार्थिव देह नाहन स्थित सैन्य छावनी क्षेत्र में लाई गई। यहां फर्स्ट पैरा के जवानों ने सैन्य सम्मान के साथ शहीद का श्रद्धांजलि दी।
प्रशासन की ओर से उपायुक्त ललित जैन और अन्य अधिकारियों ने कैंट एरिया पहुंचकर शहीद को पुष्पचक्र चढ़ाया। यहां से शहीद की देह एंबुलेंस में थुरनधार के लिए रवाना की गई।
नाहन शहर में भी जगह-जगह जुटी लोगों की भीड़ ने शहीद पर पुष्प वर्षा की और अजय कुमार अमर रहे के नारे लगाए। गौरतलब है कि अजय कुमार सिरमौर जिले की पच्छाद तहसील की कोटला-पंजोला पंचायत के थुरनधार गांव से संबंध रखते थे।
वह 42-राष्ट्रीय राइफल में तैनात थे। शहीद के पिता सुरेश कौंडल और माता कमला देवी एक साधारण कृषक परिवार से हैं, जिनके केवल दो बेटे अजय कुमार और संजय कुमार थे।
स्थानीय विधायक सुरेश कश्यप, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष जीआर मुसाफिर, एसडीएम राजगढ़ नरेश वर्मा, डीएसपी बबीता राणा और सैन्य अधिकारी भी शहीद की अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
विधायक सुरेश कश्यप ने कहा कि शहीद और उसके परिवार का बलिदान देश को हमेशा याद रहेगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि जवान देश के नाम कुर्बान हुआ है। देश हमेशा उनका ऋणि रहेगा।