सीएम जयराम ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से भेंट की।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेलवे, वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की। सीएम ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के सपने को पूरा करने के लिए राज्य में इलेक्ट्रानिक उपकरणों का निर्माण केंद्र स्थापित करने का भारत सरकार को एक प्रस्ताव प्रस्तुत किया है। वर्तमान में इस क्षेत्र में चीन पर बहुत अधिक निर्भरता है और इस पार्क की स्थापना से भारत स्वदेशी इलेक्ट्रानिक उपकरणों का निर्माण कर सकेगा। इससे इस क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी। नई दिल्ली गए मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष कई लंबित मसले उठाए।
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार प्रतिस्पर्धी दरों पर भूमि और बिजली प्रदान करने के लिए तैयार थी और उन्होंने केंद्र से अनुरोध किया कि वह सामान्य सुविधाएं प्रदान करे। उन्होंने राज्य में बल्क ड्रग फार्मा पार्क और मेडिकल डिवाइसेस पार्क की स्थापना के लिए आग्रह किया। उन्होंने केंद्र से आग्रह किया कि तीन राज्यों में से परियोजना के लिए हिमाचल प्रदेश के दावे पर विचार किया जाए। उन्होंने राज्य में विद्युत उत्पादन पारेषण वितरण उपकरण केंद्र स्थापित करने का भी आग्रह किया। सभी क्षेत्रों में राज्य के विकास के लिए अपने समर्थन का केंद्र को धन्यवाद दिया, क्योंकि राज्य व्यापार करने में आसानी से 17वें स्थान से 7वें स्थान पर पहुंच गया है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री मनसुख एल मांडवीय से राज्य में बल्क ड्रग फार्मा पार्क का मामला उठाया। उन्होंने राज्य के दावे को मजबूती से पेश किया।