राशन की खरीदारी करने आए उपभोक्ता खाली हाथ लौटे संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। शहर के राशन डिपुओं में वीरवार शाम के वक्त अचानक सर्वर ठप हो गया। सर्वर ठप होने के चलते पॉस (प्वाइंट ऑफ मशीनें) नहीं चल पाईं। इसके चलते उपभोक्ताओं को ओटीपी जनरेट नहीं हो पाए।
डिपुओं में राशन लेने आए युवा से लेकर बुजुर्ग लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पौने घंटे तक चली इस परेशानी के चलते कई लोग खाली हाथ लौट आए। इंतजार कर रहे लोगों ने गड़बड़ाई इस व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठाए। राजधानी में 25 हजार के करीब राशनकार्ड धारक उपभोक्ता हैं। यह उपभोक्ता पूरे महीने भर राशन डिपुओं से आटा, चावल, चीनी, नमक, तेल और दालों की खरीदारी करते हैं। दूसरी ओर वीरवार साढ़े तीन बजे के करीब अचानक राशन डिपुओं का सर्वर ठप हो जाने से सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की व्यवस्था प्रभावित हो गई।
विज्ञापन
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित 50 से अधिक राशन डिपुओं में पीओएस मशीनों ने काम करना बंद कर दिया। अचानक आई तकनीकी खराबी आने से राशन वितरण का ऑनलाइन सिस्टम प्रभावित हो गया। इस वजह से उपभोक्ताओं के आधार आधारित प्रमाणीकरण और राशन वितरण की प्रक्रिया थम गई। इससे न केवल डिपुओं में लोगों की लाइनें लग गईं। वहीं दफ्तरों और अन्य कार्यों से लौटने के बाद राशन लेने पहुंचे लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। बस स्टैंड, संजौली, लोअर बाजार और ढली में आए उपभोक्ता अनीता, विपिन, दिवेश, नरेंद्र ने बताया कि वह आटा, चावल, चीनी, नमक, खाद्य तेल तथा विभिन्न दालों की खरीदारी के लिए डिपो पहुंचे थे, लेकिन सर्वर बंद होने के कारण राशन नहीं मिल सका।
तकनीकी खराबी का तुरंत किया समाधान
सर्वर न चलने की किसी तरह की शिकायत नहीं आई है। तकनीकी कारणों से सर्वर में समस्या आती है तो तकनीकी टीम समस्या का तुरंत समाधान कर देती है। डिपुओं में पर्याप्त मात्रा में राशन है और लोगों को किसी तरह की समस्या पेश नहीं आने दी जा रही है।
- नरेंद्र धीमान, जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले