गेयटी में नए मतदाताओं को किया जाएगा जागरूक अमर उजाला ब्यूरो शिमला। जिले के सभी उपमंडलों और मतदान केंद्रों पर 25 जनवरी को 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाएगा। इसके आयोजन को लेकर उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में सोमवार को समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का राज्य स्तरीय समारोह ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में आयोजित किया जाएगा। समारोह में छह नव पंजीकृत युवा मतदाताओं को मुख्य अतिथि ईपीआईसी वितरित करेंगे जिसमें कसुम्पटी, शिमला शहरी और शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से दो-दो नए मतदाता शामिल रहेंगे। समारोह में एक वरिष्ठ नागरिक मतदाता, एक दिव्यांग मतदाता और एक ट्रांसजेंडर मतदाता को भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांग मतदाता को समारोह में लाने तथा वापस ले जाने के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन जिला निर्वाचन अधिकारी, छह इलेक्ट्रोल अधिकारी, तीन सर्वश्रेष्ठ इलेक्ट्रोल लिटरेसी क्लब नोडल अधिकारी और तीन स्टेट आइकन को भी सम्मानित किया जाएगा। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान निर्वाचन विभाग की ओर से तैयार की जा रही कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया जाएगा। इस दौरान हिमाचली नाटी और एक नाटक के जरिये नए मतदाताओं को भी जागरूक किया जाएगा। लोगों को जागरूक करने के लिए चुनावी प्रक्रिया से संबंधित फोटो प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। नए मतदाताओं को जागरूक करने और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए यह समारोह हर साल मनाया जा रहा है। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून एवं व्यवस्था पंकज शर्मा, सहायक आयुक्त देवी चंद ठाकुर सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।