धारा 118 के तहत जमीन खरीदने की अनुमति देने में हुए कथित भ्रष्टाचार के मामले में फंसे पार्थ सारथी मित्रा की आवाज का सैंपल विजिलेंस ने सरकारी कार्यक्रमों से इकट्ठा कर लिया है।
राज्य सचिवालय और अन्य सरकारी कार्यक्रमों में मित्रा द्वारा बतौर प्रमुख सचिव या मुख्य सचिव दिए भाषणों को विजिलेंस ने सचिवालय प्रशासन व सामान्य प्रशासन विभाग से हासिल कर लिया है।
अब इन रिकार्डिंगों और विजिलेंस के पास इस केस से संबंधित रिकार्डिंग में मौजूद शब्दों का मिलान किया जाएगा। दरअसल, अभी तक विजिलेंस को मित्रा की आवाज का सैंपल नहीं मिल सका था।
चूंकि मित्रा ने खुद भी आवाज का सैंपल देने से इंकार कर दिया था, ऐसे में ब्यूरो की जांच ठप हो गई थी। लेकिन इस बीच ब्यूरो ने आवाज के सैंपल के लिए दूसरा रास्ता निकाल लिया है।
अब जीएडी और एसएडी से मिले रिकार्डिंग के डाटा और पूर्व डीजीपी आईडी भंडारी के मामले में आधिकारिक दस्तावेज के रूप में मित्रा मामले में ट्रांसफर कराई कॉल रिकार्डिंग डाटा का मिलान करेगा।
विजिलेंस सूत्रों का कहना है कि घूसखोरी से जुड़ी रिकार्डिंग के शब्दों का मिलान कर सबूत जुटाए जाएंगे। इसके बाद ही विजिलेंस मित्रा मामले में आगे की कार्रवाई करेगा।