शिमला जिले में बुधवार से शीतकालीन स्कूल खुल जाएंगे। जिला प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए 11 और 12 फरवरी की छुट्टी घोषित की थी। प्रदेश में मंगलवार तक 307 सड़कें बंद पड़ी हुई हैं।
कई क्षेत्रों का संपर्क पांच दिनों से कटा है। बुधवार को भी प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। कुल्लू जिले के कई इलाकों में बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं ठप हैं।
चंबा जिले में बर्फबारी के बाद से लेकर अब तक करीब 50 संपर्क मार्ग और करीब 840 ट्रांसफार्मर बंद पड़े हुए हैं। भरमौर और पांगी के लिए आमजन के लिए हवाई सेवा शुरू नहीं हो पाई है।
राजधानी शिमला में सोमवार रात न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री रिकार्ड हुआ। इस साल में अभी तक यह सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है। सुंदरनगर में 6.6, भुंतर में 5.4, धर्मशाला में 5.4, ऊना में 8.6, सोलन में 5.2, कांगड़ा में 7.8, मंडी में 7.1, केलांग में माइनस 9.6, कल्पा में माइनस 3.0 और मनाली में 0.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ।
बिजली बोर्ड के निदेशक (परिचालन) वीपी सिंह ने बताया कि चंबा जिला में मुख्य रूप से 33 केवी चंबा-भरमौर संचार लाइन को भारी क्षति पहुंची है। बहाली के प्रयास जारी हैं। उत्तर जोन धर्मशाला के 52 विद्युत वितरण ट्रांसफार्मरों, दक्षिण जोन शिमला के 7 विद्युत वितरण ट्रांसफार्मरों और केंद्रीय जोन मंडी के 185 विद्युत वितरण ट्रांसफार्मरों को बहाल कर दिया गया है। केलांग और इसके साथ वाले क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी है। शिमला जिले के कुपवी में अधिकतर क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी है।