सात फरवरी की रात शिमला में भारी बर्फबारी हुई। आठ फरवरी की सुबह कालका से शिमला आ रही पैसेंजर ट्रेन (12457) में सफर कर रहे मुसाफिरों ने करीब नौ बजे समरहिल और शिमला के बीच यह वीडियो शूट किया।
29 सेकेंड के वीडियो में टॉय ट्रेन बर्फ के बीच सर्पीले ट्रैक पर छुक छुक कर सीटी बजाती गुजर रही है। रेलवे ट्रैक के आसपास देवदार, बान और चील के बर्फ से ढके पेड़ दिख रहे हैं। ट्रैक भी बर्फ की सफेद चादर से ढका है।
स्टेशन अधीक्षक शिमला प्रिंस सेठी ने बताया कि शिमला आ रही ट्रेन में सफर कर रहे पैसेंजर ने यह वीडियो शूट किया है। रेलवे अधिकारियों के आफिशियल व्हाट्सएप ग्रुप में भी यह वीडियो मौजूद है।
रेल मंत्री के डाले वीडियो को अब तक 36,500 लोगों ने लाइक किया है। 8274 लोग इसे रि-ट्वीट कर चुके हैं। 1122 लोगों ने इस पर कमेंट किए हैं। महज 42 घंटों में यह वीडियो देश-विदेश में वायरल हो गया है।
यहां देखें वीडियो:
विस्ताडोम को लेकर भी किया था ट्वीट
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कांच की छत वाले विस्ताडोम कोच के सफल ट्रायल और इसका नियमित संचालन शुरू होने पर खुशी जाहिर की थी। दिसंबर में वह पत्नी सीमा गोयल के साथ शादी की सालगिरह मनाने भी शिमला आए थे।