नाहन उपविजेता, बिलासपुर ने पांवटा साहिब को हराकर हासिल किया तीसरा स्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय महिला कबड्डी प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले में राजकीय महाविद्यालय सरस्वतीनगर ने राजकीय महाविद्यालय नाहन को हराकर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। संजौली महाविद्यालय में शनिवार को खेले गए फाइनल में सरस्वतीनगर की खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और मुकाबला अपने पक्ष में किया। नाहन की टीम को उपविजेता के खिताब से संतोष करना पड़ा।
तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर और राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब की टीमें आमने-सामने थीं। बिलासपुर ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए पांवटा साहिब को शिकस्त दी और प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया। समापन समारोह में राजकीय महाविद्यालय ठियोग के प्राचार्य डॉ. भूपिंदर सिंह ठाकुर ने विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान पर रही टीम को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।