25 करोड़ रुपये की मांगी थी रिश्वत
छात्रवृत्ति घोटाले में सीबीआई शिमला में ईडी के सहायक निदेशक विशालदीप, उसके भाई विकासदीप, चचेरे भाई नीरज और दिल्ली सीबीआई मुख्यालय के डीएसपी बलबीर सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोप है कि छात्रवृत्ति घोटाले में नामजद शिक्षण संस्थानों के संचालकों से ईडी के सहायक निदेशक विशालदीप ने धन शोधन मामले में राहत देने के लिए 25 करोड़ की रिश्वत मांगी थी। हिमालयन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संचालक रजनीश बंसल और मोहाली निवासी भूपेंद्र सिंह ने रिश्वत मांगने की शिकायत सीबीआई को दी थी। 23 नवंबर 2024 को सीबीआई ने ईडी सहायक निदेशक विशालदीप के भाई विकास दीप को 54 लाख की रिश्वत राशि के साथ जींद में एक होटल से गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर भिवानी से चचेरे भाई नीरज को भी गिरफ्तार किया था। विशालदीप को सीबीआई की जांच टीम ने मुंबई में गिरफ्तार किया था।
रोहित गुर्जर के नाम से धमकी दिलवाने का आरोप
4 जनवरी को हिमालयन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संचालक रजनीश बंसल ने पंचकूला पुलिस को शिकायत दी थी कि उससे रोहित गुर्जर नाम से अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर 40 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। साथ ही विशालदीप के खिलाफ दर्ज मामले में शिकायत वापस लेने के लिए भी कहा था। शिकायत के आधार पर पंचकूला पुलिस ने विशालदीप, रोहित गुर्जर के खिलाफ रिश्वत मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया था।