दोनों पदों के लिए 4-4 मत पडे़, विधायक ने भी किया मतदान अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। सुन्नी नगर पंचायत (नपं) में सोमवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव हुए। इसमें पर्ची सिस्टम से कांग्रेस समर्थित सत्या देवी अध्यक्ष और भाजपा समर्थित अमित उपाध्यक्ष चुने गए। इसमें शिमला ग्रामीण के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी मत का प्रयोग किया।
एसडीएम कार्यालय सुन्नी में हुई इस प्रक्रिया के बाद लंबे समय से नगर पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद को लेकर चल रही सियासी चर्चाओं पर भी विराम लग गया है। सोमवार को दोपहर दो बजे नगर पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को लेकर चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। एसडीएम सुन्नी राजेश वर्मा की निगरानी में चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। इसमें अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किए। नगर पंचायत के सभी सात नवनिर्वाचित सदस्यों और विधायक विक्रमादित्य सिंह ने मतदान किया। इसमें अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चार-चार मत पड़े। इसके बाद पर्ची सिस्टम से फैसला लिया गया। इसमें कांग्रेस समर्थित सत्या देवी अध्यक्ष बनीं और भाजपा समर्थित अमित उपाध्यक्ष चुने गए। एसडीएम सुन्नी राजेश वर्मा ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के बाद परिणाम के बारे में उपायुक्त शिमला को सूचना प्रेषित की जा रही है। यहां से आने वाले आगामी आदेशों के बाद भी नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलवाई जाएगी।
रामपुर में भाजपा ने की वोट चोरी
कांग्रेस शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने कहा कि नगर पंचायत सुन्नी में कांग्रेस को अध्यक्ष पद मिला है। यह लोकतंत्र की जीत है। जिला शिमला में कांग्रेस बीडीसी और नगर पंचायत के चुनाव में आगे रही है। वहीं रामपुर में वोट चोरी से भाजपा ने जीत हासिल की है।