शिमला। कृष्णानगर वार्ड में बने नगर निगम कर्मचारियों के आवास की छत की सीलिंग टूटकर गिर गई है। सफाई कर्मचारी सुरेंद्र भाटिया ने बताया कि न्यू एमसी बिल्डिंग स्थित उनके आवास नंबर-3 की सीलिंग अचानक गिर गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इसकी मरम्मत को लेकर पहले भी कई बार शिकायत दी गई थी, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
भाटिया चार साल से इस आवास में रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि आंधी-तूफान के कारण आवास के दरवाजे भी टूट चुके हैं और काफी कमजोर हो गए हैं। भाटिया ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए छत और दरवाजों की मरम्मत कराने की मांग की है। अतिरिक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा ने कहा कि इस संबंध में संबंधित कर्मचारियों को मरम्मत के निर्देश दिए जा रहे हैं। ब्यूरो