भट्ठाकुफर फल मंडी, मैहली चाैक, लोअर पंथाघाटी में दिक्कत
विज्ञापन
नगर निगम पार्षदों ने उठाए सवाल, रोज सफाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर के मर्ज एरिया में सफाई व्यवस्था चौपट हो गई है। शहर की भट्ठाकुफर फल मंडी के पास कई दिन से एनएच पर कचरे के ढेर लगे हैं।
यह कचरा लावारिस कुत्तों और बंदरों ने सड़क पर बिखेर दिया है। पार्षद नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि घरों से तो कूड़ा उठ रहा है लेकिन कलेक्शन सेंटर पर कई दिन से कचरे के ढेर लगे हैं। साथ लगती पंचायत के लोग भी यहां आकर कचरा फेंक रहे हैं। नगर निगम को रोज यहां से कूड़ा उठाने के लिए कई बार शिकायतें दे चुके हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही। कर्मचारी न होने से परेशानी झेलनी पड़ रही है। उधर मैहली चाैक और लोअर पंथाघाटी में कचरे के ढेर से जनता परेशान हैं। पूर्व उप महापौर राकेश शर्मा ने कहा कि नगर निगम सफाई व्यवस्था सुचारू रखने में नाकाम रहा है।
शहर के लोअर बाजार सब्जी मंडी क्षेत्र में भी गंदगी से लोग परेशान हैं। सब्जी मंडी, आजीविका भवन के आसपास के नाले कचरे से भरे पड़े हैं। इससे यहां से आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। शहर के कई अन्य क्षेत्रों में भी सफाई व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। कलेक्शन सेंटरों से समय पर कूड़ा न उठने से सैहब कर्मचारियों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
पंचायत से सटे इलाकों में समस्या
नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा ने कहा कि शहर से सटे पंचायती इलाकों में यह समस्या है। नगर निगम अपने क्षेत्र से हर घर से कूड़ा उठा रहा है लेकिन साथ लगते पंचायती इलाकों में यह सुविधा नहीं है। इन क्षेत्रों के लोग कई जगह सड़कों के किनारे कचरा फेंक रहे हैं। निगम इन इलाकों से भी नियमित कूड़ा उठाने के प्रयास कर रहा है।