पौंग में और पक्षी मृत मिले।
- फोटो : अमर उजाला
राज्य के पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के पोल्ट्री फार्म में फिलहाल कोई रोक नहीं लगाई है। प्रदेश में अभी तक फ्लू के लक्षण जंगली पक्षियों में ही पाए गए हैं। कौओं में भी लक्षण नहीं हैं। सुरक्षा के दृष्टिगत 119 मुर्गों के नमूने जांच के लिए जालंधर भेजे गए हैं। पौंग बांध का एक किलोमीटर का दायरा सील कर दिया गया है। डीसी, पशु पालन, वन्य जीव, लोनिवि और स्वास्थ्य विभाग के अफसरों की टास्क फोर्स पूरे मामले में पैनी नजर रख रही है। वन मंत्री राकेश पठानिया ने बताया कि अब तक 2403 पक्षियों की मौत हो चुकी है। लग रहा है कि संख्या बढ़ेगी। हम हालात पर नजर रखे हुए हैं और अलर्ट हैं।
पुलिस ने बढ़ाई गश्त
वन्यजीव प्राणी विभाग के डीएफओ राहुल रहाणे ने बताया कि मंगलवार को नगरोटा सूरियां और धमेटा रेंज से 336 मृत प्रवासी परिंदे मिले हैं। इन्हें जलाकर गड्ढे में दबाया गया है। उन्होंने बताया कि फ्लू संबंधित सूचना मिलने पर विभागीय टीम कार्रवाई के लिए तैयार है। स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय पुलिस ने भी गश्त बढ़ा दी है।