फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: सैहब कर्मचारियों की हड़ताल जारी, निगम ने की बर्खास्त करने की तैयारी

विज्ञापन
विज्ञापन
हजारों घरों से लगातार दूसरे दिन भी सैहब कर्मचारियों ने नहीं उठाया कूड़ा, निगम ने नोटिस जारी करने काम पर लौटने को कहा
विज्ञापन

काम पर न लौटने वालों की सूची तैयार करने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी की सफाई व्यवस्था का जिम्मा संभाल रहे सैहब कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने हजारों घरों से कूड़ा नहीं उठाया और सुबह 10:30 बजे से उपायुक्त कार्यालय के बाहर पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने नगर निगम और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

नगर निगम ने सभी कर्मचारियों को चेतावनी जारी कर दी है। निगम प्रशासन का कहना है कि यदि एस्मा लागू होने के बावजूद कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं लौटे तो उनकी सेवाएं समाप्त कर दी जाएंगी। इस बारे में नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री की ओर से शनिवार दोपहर के समय कर्मचारियों को लिखित नोटिस जारी कर दिया है। निगम प्रशासन का कहना है कि शुक्रवार को ही एस्मा लागू कर दिया था। इसके तहत सभी कर्मचारियों का ड्यूटी पर लौटना अनिवार्य था। बावजूद इसके सैहब कर्मचारी हड़ताल पर अड़े रहे। नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री ने कहा कि यदि सोमवार से कर्मचारी काम पर नहीं लौटे तो उन्हें बर्खास्त कर दिए जाएंगे। काम से गैर हाजिर रहने वाले कर्मचारियों की सूची तैयार करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
विज्ञापन




नगर निगम की गाड़ी को नहीं दिया रास्ता
शिमला। सीटीओ में प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों कर्मचारी और नागरिक सभा के पदाधिकारियों ने सुबह 10:30 बजे से ही जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया था। कई महिला कर्मी अपने छोटे बच्चों को भी साथ लेकर आईं थीं। इस दौरान लोअर बाजार की ओर से नगर निगम एक गाड़ी आई लेकिन हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने उसे रास्ता देने से इन्कार कर दिया। इस स्थिति को देखते हुए पुलिस ने चालक से बातचीत की और फिर उसे यहां से वापस भेज दिया।







मांग पूरी करने के लिए सरकार को लिखा पत्र
हड़ताल पर गए सैहब कर्मचारियों की मांगें पूरी करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने सरकार को पत्र लिखा है। इसमें तुरंत एजीएम बुलाने की मांग की है। शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में कर्मचारियों की वेतन से जुड़ी मांग पर चर्चा की जाएगी। इसमें वेतन बढ़ाने पर रोक लगाने को लेकर लिए पिछले फैसले को पलटा जा सकता है। पिछले महीने हुई एजीएम में कर्मचारियों की सालाना 10 फीसदी वेतन वृद्धि पर रोक लगा दी थी। इसके विरोध में सभी कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। निगम प्रशासन का कहना है कि आचार संहिता खत्म होते ही विशेष एजीएम बुलाई जाएगी।




हम दबाव में झुकने वाले नहीं : अध्यक्ष



शिमला। कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष जसवंत सिंह ने कहा कि निगम प्रशासन की चेतावनी का कर्मचारियों पर असर नहीं होगा। दबाव में कर्मचारी झुकने वाले नहीं है। नगर निगम प्रशासन यदि हमारी सेवाएं खत्म करना चाहता है तो वह कर सकता है लेकिन कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े रहेंगे। अब दोबारा सोमवार को कर्मचारी उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करेंगे। घरों से कूड़ा उठाने का काम अभी ठप रहेगा। निगम हमारी मांग पूरी करे, कर्मचारी काम पर लौट जाएंगे।

महापौर की अपील, काम पर लौटे कर्मचारी
शिमला। नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान ने कर्मचारियों से अपील की कि वह काम पर लौट आएं। शहर में स्वच्छता सर्वेक्षण चल रहा है। इसके अलावा कूड़ा न उठने से आम जनता भी परेशान हो रही है। 10 साल में पहली बार नगर निगम ने कर्मचारियों की मांगों पर एजीएम बुलाई है। 7 दिन की छुट्टी, बीमा कवर जैसे अहम फैसले लिए हैं। आउटसोर्स कर्मचारियों को सैहब में मर्ज किया जा रहा है। यह सारी मांगे हमने पूरी की हैं। वेतन बढ़ाने को लेकर भी जो मांग है, उस पर भी जल्द फैसला लिया जाएगा।
विज्ञापन



काम पर लौटे चालक, कलेक्शन प्वाइंट से उठाया कूड़ा
महापौर ने कहा कि उन्होंने सुबह के समय खुद छोटा शिमला और साथ लगते वार्डों में जाकर कलेक्शन सेंटर से कूड़ा उठवाया। नगर निगम के चालक जो शुक्रवार को हड़ताल पर थे वह शनिवार सुबह से काम पर लौट आए हैं। चालक यूनियन ने अपनी हड़ताल वापस लेते हुए काम शुरू कर दिया है। निगम का दावा है कि अब पूरे शहर से कूड़ा उठाया जा रहा है। मेयर ने कहा कि कलेक्शन सेंटर से कूड़ा उठाने के लिए कुछ अन्य वाहन भी किराये पर लेने की योजना बनाई है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया की जा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें