अपराध और अपराधी ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम में कुल्लू पुलिस पहले नंबर पर आई है। सिस्टम में कुल्लू सदर थाना को प्रदेश के सभी पुलिस थानों में अव्वल पाया गया है। कुल्लू पुलिस ने वर्ष 2021 की पहली तिमाही में ग्रेडिंग के आधार पर यह उपलब्धि हासिल की है। कुल्लू पुलिस ने पिछले साल बंजार में रिकॉर्ड 127 किलो चरस की खेप पकड़ी थी।
इसके साथ पुलिस ने इसमें शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस चरस और चिट्टे के मामले में न सिर्फ नशे के साथ पकड़े जाने वाले शख्स को सलाखों के पीछे डाल रही है। बल्कि मुख्य सप्लायर, डीलर और खरीदने वालों को अंदर कर रही है।
20 से अधिक विदेशी सप्लायर को भी पुलिस ने जेल में डाला है। एनडीपीएस की धारा 29 में ही पुलिस ने कई गिरफ्तारियां की। इसके साथ चरस के सप्लायरों की करोड़ों की संपत्तियां भी सीज की हैं। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि कुल्लू सदर थाना को प्रदेश भर में पहला स्थान मिला है।