उससे आगे भी आप देश के लिए खेलें, ऐसी कामना करता हूं। साथ ही उन्होंने युवा क्रिकेटरों को अनुशासन में खेलने की हिदायत दी। इसके बाद उन्होंने युवा महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों के साथ फोटो भी खिंचवाई।
युवा क्रिकेटरों में सचिन तेंदुलकर से मिलने के बाद खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग ठाकुर भी उपस्थित रहे।
सचिन ने वर्ष 2006 का अपना एक उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें विदेश दौरे पर जाना था, लेकिन अभ्यास के दौरान बारिश शुरू हुई। बारिश होने के बाद भी उन्होंने अभ्यास जारी रखा।
धौलाधार की वादियों का भ्रमण करने पहुंचे क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर ने हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के स्टेडियम में संग्रहालय की आधारशिला रखी। इसके अलावा मास्टर ब्लास्टर ने राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का भी लोकार्पण किया। अपने निजी भ्रमण पर आए सचिन तेंदुलकर वीरवार को दोपहर बाद एचपीसीए स्टेडियम पहुंचे।
सबसे पहले उन्होंने संग्रहालय का शिलान्यास किया। इस मौके पर बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके बाद सचिन ने एचपीसीए की डे अकादमी और महिला अकादमी के युवा खिलाड़ियों से बातचीत की। इससे पहले अनुराग ठाकुर ने सचिन तेंदुलकर को हिमाचली टोपी, शॉल और बड़ा थाल देकर सम्मानित किया।
वहीं, एचपीसीए की महिला अकादमी की युवा खिलाड़ियों और अन्य पदाधिकारियों ने सचिन का स्वागत किया। इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सचिन तेंदुलकर ने कहा कि एचपीसीए ने युवा खिलाड़ियों के लिए स्टेडियम में अच्छी सुविधाएं उपलब्ध करवाई हैं। इसके लिए अनुराग ठाकुर बधाई के पात्र हैं। उन्होंने अपनी टीम के साथ खेलों को बढ़ावा देने के लिए सराहनीय प्रयास किया है। इसके परिणाम सबके सामने हैं।
जब सचिन संग्रहालय का शिलान्यास कर इंडोर की ओर बढ़े तो एचपीसीए स्टेडियम के गेट नंबर दो के बाहर खड़े प्रशंसकों की ओर मुड़ गए और प्रशंसकों को ऑटोग्राफ दिए। कई लोगों से हाथ भी मिलाया। इसके अलावा पूरे कार्यक्रम के दौरान सेल्फी लेने वालों की होड़ लगी रही। सचिन ने दलाईलामा से भी उनके निवास स्थान पर मुलाकात की। सचिन ने दलाईलामा से करीब आधा घंटा बातचीत की।