प्रदेश के 35 डिग्री कॉलेजों को केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के तहत 50-50 लाख रुपये की इंफरास्ट्रक्चर ग्रांट जारी कर दी है। इस ग्रांट के जारी होते ही रूसा के पहले चरण की सभी किस्तें पूरी हो गई हैं।
रूसा के चरण-दो में कॉलेजों को परफार्मेंस के आधार पर बजट जारी होगा। पुराना बजट खर्च नहीं करने पर 11 डिग्री कॉलेजों की अंतिम किस्त केंद्र सरकार ने रोक दी है। इन कॉलेजों के प्रिंसिपलों को राज्य सरकार ने शुक्रवार को चेतावनी पत्र जारी करते हुए जल्द बजट खर्च करने के निर्देश दिए हैं।
केंद्र सरकार से जारी हुई इस राशि को आधारभूत सुविधाएं देने पर खर्च किया जाएगा। डिग्री कॉलेज बिलासपुर, सरकाघाट, अर्की, ढलियारा, घुमारवीं, दौलतपुर चौक, सीमा, धर्मशाला, चंबा, हमीरपुर, पालमपुर, ऊना, रामपुर, करसोग, कोटशेरा, नालागढ़, बैजनाथ, नादौन, सेंट बीड्स कॉलेज शिमला, बिटन, हरिपुर गुलेर, जयसिंहपुर, हरिपुर मनाली, नौरा, बंगाणा, भरमौर, सलूणी राजगढ़, शाहपुर, बंजार, नगरोटा बगवां, नूरपुर, हरिपुरधार, तीसा और हरिपुर (आनी) को इंफ्रास्ट्रक्चर ग्रांट जारी हुई है।
इनके अलावा डिग्री कॉलेज पांगी, चुवाड़ी, नाहन, संगड़ाह, शिलाई, आरकेएमवी शिमला, सुन्नी, नेरवा, जोगिंद्रनगर, बड़सर और भोरंज को केंद्र सरकार ने ग्रांट जारी नहीं की है। इन कॉलेजों ने पुरानी ग्रांट को अभी तक खर्च नहीं किया है। यूटिलाइजेशन सर्टिफिकेट न मिलने के चलते इन कॉलेजों की ग्रांट रोक दी है।