प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने पर्यावरण नियमों के उल्लंघन पर की कार्रवाई, एसटीपी के निर्माण का मामला
विज्ञापन
भ्यूंच नाले में फेंका जा रहा था निर्माण मलबा खास खबर संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। भरयाल में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के निर्माण के दौरान भ्यूंच नाले में मलबा फेंकने पर राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड (एसजेपीएनएल) पर एक लाख रुपये जुर्माना लगाया है।
बोर्ड ने एसजेपीएनएल के सीवरेज डिवीजन के सहायक महाप्रबंधक को सात दिन के भीतर यह राशि जमा करवाने का आदेश जारी किया है। बोर्ड के संयुक्त सदस्य सचिव गोपाल चंद गौतम की तरफ से इस बारे आदेश जारी किए गए हैं।
विज्ञापन
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय की टीम ने दो सितंबर को भरयाल क्षेत्र का निरीक्षण किया था। इस दौरान सामने आया कि एसजेपीएनएल की ओर से एसटीपी निर्माण के दौरान निकलने वाला मलबा सीधे भ्यूंच नाले में डाला जा रहा था। नाले के किनारे भी बड़ी मात्रा में मलबा जमा किया था। इसे रोकने और भूस्खलन की आशंका को कम करने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए थे। इसके चलते बारिश के दौरान मलबा बहकर नाले में पहुंच रहा था। इससे पानी की गुणवत्ता और जलीय पर्यावरण को नुकसान पहुंचने का खतरा पैदा हो गया था। बोर्ड ने नौ सितंबर को एसजेपीएनएल को कारण बताओ नोटिस जारी कर मलबे को निर्धारित स्थल पर पहुंचाने और बारिश के दौरान इसके बहाव को रोकने के उचित इंतजाम करने के निर्देश दिए थे। निर्माण कार्य के लिए जरूरी सहमति लेने को कहा था। हालांकि, एजेंसी ने न तो नोटिस का जवाब दिया और न ही दिए गए निर्देशों का पालन किया।
इसके बाद क्षेत्रीय अधिकारी की सिफारिश पर बोर्ड की गठित समिति ने एक लाख रुपये का पर्यावरणीय मुआवजा लगाने की संस्तुति की। बोर्ड ने जल (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1974 की धारा 33-ए के तहत कार्रवाई की है। एसजेपीएनएल को दो सप्ताह के भीतर मलबा डंपिंग स्थल की पूरी तरह बहाली करने के निर्देश भी दिए हैं। प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी को लगातार हो रहे उल्लंघन की तस्वीरों सहित विस्तृत रिपोर्ट और आगे पर्यावरणीय मुआवजा लगाने की सिफारिश मुख्यालय भेजने को कहा है। मुआवजा राशि जमा नहीं करवाने पर एजेंसी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
17.91 करोड़ से बन रहा प्लांट भरयाल में करीब 17.91 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया जा रहा है। इस प्लांट की क्षमता प्रतिदिन दो मिलियन लीटर सीवेज का उपचार करने की होगी। परियोजना का लाभ टुटू, मज्याठ और जतोग सहित आसपास के क्षेत्रों के करीब दो हजार परिवारों को मिलने की उम्मीद है। इन क्षेत्रों में सीवरेज कनेक्टिविटी की समस्या दूर करने के उद्देश्य से यह परियोजना तैयार की गई है। प्लांट में पहुंचने वाले गंदे पानी को वैज्ञानिक तरीके से उपचारित किया जाएगा। इसके बाद उपचारित पानी का उपयोग सिंचाई और अन्य कार्यों के लिए किया जा सकेगा।