प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बुधवार को मौसम साफ रहेगा। वीरवार से हिमाचल में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 21 से 23 नवंबर तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। वहीं, केलांग में न्यूनतम तापमान -6.4 डिग्री पहुंच गया है। सूबे के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शीत लहर ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। मंगलवार को राजधानी शिमला सहित सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहा।
शिमला शहर में दोपहर बाद हल्के बादल छाने से शाम के समय मौसम में ठंडक बढ़ गई। मंगलवार को ऊना में अधिकतम तापमान 26.2, बिलासपुर में 23.8, सोलन में 23.5, कांगड़ा में 23.4, सुंदरनगर में 23.0, हमीरपुर में 22.9, नाहन में 22.6, भुंतर में 22.1, चंबा में 21.9, शिमला में 18.8, धर्मशाला में 17.6, कल्पा में 15.5, डलहौजी में 10.6 और केलांग में 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सोमवार रात को मनाली में न्यूनतम तापमान 1.4, कल्पा में 2.0, भुंतर में 3.9, सोलन में 5.6, शिमला में 8.9 और धर्मशाला में 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।