रोहतांग जाने के लिए मारामारी, परमिट एडवांस बुक
समुद्रतल से 13,050 फीट की ऊंचाई पर स्थित रोहतांग दर्रा जाने के लिए पर्यटकों में मारामारी मची हुई है। शुक्रवार को पहले दिन एनजीटी के नियमानुसार पर्यटन विभाग की वेबसाइट से ऑनलाइन परमिट लेकर 1,200 वाहनों में हजारों पर्यटक रोहतांग गए। बर्फ के बीच पर्यटकों ने रोहतांग में खूब मस्ती की। रोहतांग के लिए एडवांस में परमिट बुक हो रहे हैं। रोहतांग दर्रा यातायात के लिए बहाल हो गया है। शुक्रवार से रोहतांग के लिए पर्यटकों की आवाजाही शुरू हो गई। पहले दिन भारी संख्या में पर्यटक रोहतांग पहुंचे। मढ़ी से लेकर रोहतांग दर्रा तक पर्यटकों का मेला लग गया। ए
नजीटी के आदेशानुसार रोहतांग के लिए रोजाना 1,200 वाहन जा सकते हैं। इनमें डीजल के 4,00, जबकि पेट्रोल इंजन के 8,00 वाहनों को जाने की अनुमति है। शुक्रवार को 1,200 वाहन रोहतांग गए। पर्यटन विभाग की वेबसाइट में तेजी से स्लॉट बुक हो रहे हैं। शनिवार के लिए स्लॉट एडवांस में बुक हो गया है, जबकि रविवार के लिए भी 50 फीसदी से अधिक बुकिंग हो गई है। एसडीएम मनाली रमन कुमार शर्मा ने बताया कि परमिट लेकर अब पर्यटकों को रोहतांग तक भेजा जा रहा है। शुक्रवार को हजारों पर्यटक रोहतांग पहुंचे।
राहनीनाला में गिरी चट्टान, लगा जाम
रोहतांग बहाली के पहले दिन राहनीनाला के समीप पहाड़ी से एक चट्टान गिरकर सड़क पर आ गई। इससे काफी देर तक मार्ग पर जाम लग गया। हालांकि बीआरओ ने चट्टान हटाकर यातायात बहाल कर दिया। जगह-जगह सड़क संकरी होने के कारण पर्यटकों को जाम में भी फंसना पड़ा, लेकिन रोहतांग देखने की चाह में पर्यटक रोमांचित हुए।