पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रोहित ठाकुर ने कहा कि पूर्व मंत्री नरेंद्र बरागटा पिछले कार्यकाल में जब पांच विभागों के मंत्री थे तो ठियोग-खड़ापत्थर-हाटकोटी सड़क का मात्र 18 फीसदी कार्य ही करवा पाए थे। भाजपा सरकार का यह कार्यकाल सड़क की आधारशिला रखने तक सीमित रहा।
बरागटा अपनी असफलता छिपाने को दोषारोपण कर रहे हैं। उन्होंने बरागटा को सलाह दी कि वे राजनीति से प्रेरित बयान न दें। अपनी असफलता छिपाने की बजाय इस सड़क का काम शीघ्र पूरा करवाएं। अन्यथा पहले की तरह जयराम सरकार के विरुद्ध भी पदयात्रा शुरू करें।
रोहित ठाकुर ने जारी बयान में कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने इस सड़क का कार्य प्रारंभ करवाया था। आज यह सड़क 90 फीसदी बनकर तैयार है। वर्ष 2017 में सत्ता परिवर्तन के बाद वर्तमान भाजपा सरकार ने फिर नकारात्मक रवैया अपनाते हुए इस सड़क को लावारिस छोड़ दिया है।
हाल ही में यह सड़क सेब सीजन में भी 5 दिन तक बंद रही। सड़क मात्र 250 मीटर निहारी के पास शेष रही थी, उसे भी भाजपा सरकार 8 महीने से पूरी करने में विफल रही।