न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी के मरीजों को भी मिलेगी सुविधा संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना के यूरोलॉजी विभाग में रोबोटिक सर्जरी की सफलता के बाद अब यह सुविधा न्यूरोलॉजी और कार्डियोलॉजी सहित अन्य विभागों में भी शुरू की जाएगी।
अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक यूरोलॉजी के सभी डॉक्टरों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। इसमें प्रोस्टेट कैंसर और किडनी ट्यूमर के मरीजों की सफल सर्जरी की गई है। रोबोटिक तकनीक से यूरोलॉजी विभाग की 15 सर्जरी की जा चुकी हैं। जल्दी ही न्यूरोलॉजी और कार्डियोलॉजी सहित अन्य विभागों को भी इस सुविधा से जोड़ा जाएगा। रोबोटिक सर्जरी के लिए डॉक्टरों को एक महीने का प्रशिक्षण दिया जाता है जिसके बाद उन्हें प्रमाणपत्र मिलने पर रोबोटिक सर्जरी करने की अनुमति मिलती है। पारंपरिक पद्धति की तुलना में इस तकनीक से ऑपरेशन करने में कम समय लगता है और रक्त भी कम बहता है। सामान्यत ऐसी सर्जरी में पांच घंटे और चार यूनिट तक रक्त की जरूरत होती है, जबकि रोबोटिक तकनीक से यह तीन घंटे में पूरी हो जाती है और मरीज तीन-चार दिन में स्वस्थ होकर घर लौट जाता है। छोटे चीरे, कम दर्द, कम संक्रमण और तेज रिकवरी के कारण मरीजों को लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती नहीं रहना पड़ता।
विज्ञापन
कोट
यूरोलॉजी विभाग के डॉक्टरों का प्रशिक्षण पूरा हो गया है। इसके बाद अब विभागों के डाक्टरों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
-डॉ. सुधीर शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक, एआईएमएसएस चमियाना