हिमाचल के ऊना जिले के दौलतपुर चौक में गुरुवार रात को सेल्समैन पर पिस्तौल तानकर एक शराब ठेके को लूटने का मामला सामने आया है। इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सेल्समैन सुनील दत्त एवं जुगल किशोर ने बताया कि वीरवार रात को साढ़े दस बजे जैसे ही वे खाना खाने लगे तो तलवाड़ा की तरफ से एक गाड़ी ठेके के आगे रुकी।
इसमें से तीन अज्ञात शातिर उतरे। उनमें दो शातिरों ने पहले उन्हें धक्का मारकर गिरा दिया। फिर ठेके पर मौजूद दोनों कारिंदों के गले पर पिस्टल तान दी। अज्ञात लुटेरे ठेके और अहाते की सेल के लगभग 70 हजार रुपये और आधा दर्जन अंग्रेजी शराब की बोतलें लूटकर ले गए। लुटेरों ने गाड़ी की नंबर प्लेट अखबार के कागज से ढक रखी थी।
उन्होंने रात को ही पुलिस को सूचना दे दी। उधर, डीएसपी अंब मनोज जंवाल एवं पुलिस चौकी प्रभारी तरसेम सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। चौकी प्रभारी तरसेम सिंह ने बताया कि वारदात के ठीक पहले सेल्समैन की ओर से कैमरा बंद कर दिया गया था। इस वजह से घटना की फुटेज नहीं मिल पाई है।
बाजार में लगे सीसीटीवी में अखबार लगी नंबर प्लेट वाली गाड़ी नहीं मिली है। इस कारण उक्त मामला संदिग्ध लग रहा है। फिर भी पुलिस मामले की जांच हर पहलू से कर रही है। उधर, डीएसपी अंब मनोज जंवाल ने बताया कि पुलिस ने ठेका लूट मामले में जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है।