ढींगू बावड़ी के पास रविवार दोपहर करीब 2:00 बजे धंसी सड़क, आवाजाही ठप
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में रविवार तड़के सुबह हुई भारी बारिश से शहर के शांति विहार वार्ड में एक एंबुलेंस सड़क धंस गई। दोपहर करीब 2:00 बजे टनल से भट्ठाकुफर क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़क ढींगू बावड़ी के पास धंस गई। इसके मलबे में निचली सड़क पर खड़ी एक कार भी दब गई। अब सड़क पर आवाजाही ठप हो गई है।
स्थानीय लोगों ने दोपहर 1:00 बजे ही सड़क पर दरारें देखने के बाद पार्षद विनीत शर्मा को सूचना दे दी थी। पार्षद मौके पर पहुंचे ही थे कि कुछ ही देर में सड़क का डंगा भरभराकर गिर गया। इसका मलबा निचली सड़क पर पहुंच गया जिससे यहां सड़क किनारे खड़ी एक कार भी दब गई। पार्षद ने बताया कि सड़क पर पहले ही हल्की दरारें पड़ गई थीं। इसलिए लोगों को भी यहां गाड़ियां खड़ी करने से मना किया था। कहा कि सड़क धंसने से फिलहाल साथ लगते मकान को खतरा नहीं है। यहां तिरपाल लगा दिए हैं। नगर निगम को भी पार्षद ने सूचित किया जिसके बाद एक रोबोट मशीन मौके पर भेजी गई है। पार्षद ने बताया कि सड़क से मलबा हटाया जा रहा है। नगर निगम को सड़क का डंगा जल्द लगाने को कहा है जिससे लोगों को राहत मिल सके। इस सड़क से सुबह स्कूली बच्चों के वाहन गुजरते हैं। इसलिए इसका मरम्मत कार्य जल्द पूरा करने की मांग की है।