डंगार स्कूल में सात दिवसीय एनएसएस शिविर संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डंगार में सात दिवसीय एनएसएस शिविर का समापन हो गया। इस अवसर पर समाजसेवी दामोदर दास ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस शिविर में 18 लड़कियों और 23 लड़कों ने भाग लिया।
शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने स्कूल कैंपस की सफाई, डंगार उप स्वास्थ्य केंद्र, हरि देवी मंदिर, डंगार बाजार के आसपास के क्षेत्रों और गोद लिए गांव के जल स्रोतों व आसपास के क्षेत्रों की सफाई की। साथ ही उन्होंने फूलों की क्यारियों की साज-सज्जा, स्कूल की पानी की टंकियों की सफाई और स्कूल में रखे गमलों की सफाई भी की।
स्वयंसेवियों ने विद्यालय में 25 किलो आलू, लहसुन, पालक, मूली, गाजर और सरसों आदि की भी बुआई की। इस अवसर पर स्वयंसेवियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रेरणा, शगुन, कुसुम, नयन और यशस्वी तथा उनकी सहेलियों ने नृत्य प्रस्तुत किया। रोहित और उनके मित्रों के ने नाटक पेश किया। सौरभ, रोहित, कुसुम और नयन ने शिविर के अनुभव सबके साथ साझा किए। रिजुल के एकलगान को भी खूब सराहा गया।
शिविर में छात्र वर्ग में रिजुल और छात्रा वर्ग में प्रेरणा को श्रेष्ठ चुना गया। बेस्ट ग्रुप लीडर में रोहित और शगुन, बेस्ट मैस स्वयंसेवक में सक्षम और शगुन शर्मा को चुना गया। बेस्ट प्रोजेक्ट वर्कर में निषाद और कुसुम को सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रधानाचार्य रेखा शर्मा, कार्यक्रम अधिकारी यशपाल रणौत और नीलम शर्मा भी मौजूद रहे।