फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: कार्ट रोड पर पहाड़ी की कटिंग से भूस्खलन का खतरा

विज्ञापन
विज्ञापन
लिफ्ट के पास पहाड़ी से लगातार गिर रही मिट्टी और पत्थर, काम जारी रखना हो रहा मुश्किल
विज्ञापन

कार्ट रोड दिनभर रहता है व्यस्त, हादसे का खतरा
विभाग ने बैरियर लगाकर किए सुरक्षा के इंतजाम

अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। लगातार हो रही बारिश के कारण लिफ्ट के पास कार्ट रोड के चौड़ीकरण के लिए सब्जी मंडी सड़क से की गई कटिंग के बाद पहाड़ी से मिट्टी और पत्थर लगातार नीचे गिर रहे हैं। इससे शहर के सबसे अधिक ट्रैफिक वाले तथा स्थानीय लोगों और पर्यटकों की आवाजाही वाले कार्ट रोड पर भूस्खलन और उससे होने वाले नुकसान का खतरा बढ़ गया है।

हालांकि, लोक निर्माण विभाग ने दीवार निर्माण का कार्य कर रहे ठेकेदार के माध्यम से अधिक जोखिम वाले हिस्से पर तिरपाल लगवा दी है। करीब 200 मीटर की ऊंचाई से लगातार गिर रही मिट्टी के कारण तिरपाल को टिकाए रखना मुश्किल हो रहा है। इस सड़क से रोजाना हजारों छोटे-बड़े वाहनों के साथ बड़ी संख्या में पैदल यात्री भी गुजरते हैं। ऐसे में पहाड़ी से गिरने वाले मलबे की चपेट में लोगों और वाहनों के आने का खतरा बढ़ गया है।
विज्ञापन


सड़क को करीब ढाई मीटर तक चौड़ा करने के लिए की कटिंग के बाद विभाग पहाड़ी की चट्टानों में रॉक बोल्टिंग का कार्य भी करवा रहा है। आजीविका भवन की ओर से सब्जी मंडी जाने वाले रास्ते को सुरक्षित रखने के लिए नीचे से सरिये डालकर आरसीसी (पक्की) की दीवार भी बनाई जा रही है। यहां करीब आठ से दस फुट ऊंचा डंगा लगाया जा चुका है, जिससे पहाड़ी से गिरने वाले पत्थर और मिट्टी वहीं रुक रहे हैं।


मजदूर शनिवार को मशीनों की सहायता से डंगा लगाने और रॉक बोल्टिंग के कार्य में जुटे रहे। जहां सड़क के किनारे पहाड़ी की कटिंग की गई है, वहां ऊपर से गिर रही मिट्टी और पत्थरों को रोकने के लिए प्लास्टिक का बैरियर लगाया है, जिससे मलबा सीधे सड़क तक नहीं पहुंच पा रहा है।
विज्ञापन



लोगों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम : वर्मा
लोक निर्माण विभाग के डिवीजन नंबर-तीन के अधिशासी अभियंता प्रवीण वर्मा ने कहा कि लोक निर्माण विभाग का डिवीजन नंबर-तीन कार्ट रोड पर लिफ्ट के पास सड़क चौड़ीकरण का कार्य करवा रहा है। पहाड़ी की कटिंग का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अब रॉक बोल्टिंग की जा रही है। वहीं, जहां भूस्खलन या मलबा आने की अधिक संभावना है, वहां आरसीसी का डंगा लगाया जा रहा है। सड़क को सुरक्षित रखने के लिए बैरियर भी लगाए हैं। उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के कारण कार्य में तेजी लाने और उसे समय पर पूरा करने में बाधा आ रही है। इसके बावजूद जैसे ही बारिश रुकती है, काम दोबारा शुरू कर दिया जाता है। डंगा लगाने और पहाड़ी को स्थिर करने का कार्य पूरा होने के बाद किसी प्रकार का खतरा नहीं रहेगा। इस परियोजना के पूरा होने पर लिफ्ट के पास सड़क करीब ढाई मीटर तक चौड़ी हो जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें