मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में टीम इंडिया की कैप पहनने वाले ऋषि धवन हिमाचल के पहले और भारत के 208वें क्रिकेटर बन गए। बेशक भारतीय टीम इस मैच में हार गई लेकिन टीम इंडिया की कैप पहनते ही धवन का नाम क्रिकेट के इतिहास में सुनहरी अक्षरों में दर्ज हो गया। हिमाचल जैसे छोटे से राज्य से पहली बार कोई क्रिकेटर अंतिम एकादश में शामिल हुआ।
ऋषि धवन 55 नंबर की जर्सी के साथ मैदान पर उतरे। मेलबर्न में खेले गए तीसरे वनडे मैच से पहले कप्तान धोनी ने अपने हाथों से धवन को टीम इंडिया की कैप दी और सभी खिलाड़ियों ने धवन को गले लगाकर उन्हें बधाई दी। तीसरे मैच के लिए धवन के चयन की सूचना मिलते ही हिमाचल में उनके प्रशंसकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोग दिन भर टीवी सेट से चिपके रहे।
इधर, प्रशंसक मोबाइल पर भी ऋषि धवन के प्रदर्शन का अपडेट लेते रहे। टीम इंडिया की नीली जर्सी और कैप पहनने वाले ऋषि धवन हिमाचल के पहले क्रिकेटर बने हैं। मंडी क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव प्रवीण सेन ने बताया कि आस्ट्रेलिया जैसी टीम के खिलाफ पदार्पण करना किसी भी खिलाड़ी के गर्व की बात है। धवन इसके लिए बधाई के पात्र हैं।
बीसीसीआई सचिव ने दी बधाई
ऋषि धवन से पहले कई हिमाचली क्रिकेटर टीम इंडिया में स्थान बनाने से चूक गए थे। सबसे पहले चंबा से राजीव नैय्यर ने इस ओर कदम बढ़ाए थे, लेकिन अंतिम क्षणों में टीम में स्थान नहीं बना सके। इसके बाद सिरमौर से संग्राम सिंह के अलावा पारस डोगरा ने भी इंडिया ए टीम में स्थान बनाया लेकिन सीनियर टीम में स्थान बनाने से ये भी चूक गए थे।
बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर ने कहा कि ऋषि धवन को अंतिम एकादश में स्थान बनाने के लिए बधाई। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में धवन ने भारत के साथ-साथ हिमाचल के नाम भी चमकाया। भारतीय टीम में स्थान बनाकर धवन ने हिमाचल का गर्व बढ़ाया है।
धवन के प्रदर्शन से परिजन, प्रशंसक संतुष्ट
मंडी। रविवार को ऑस्ट्रेलिया के साथ वनडे सीरीज के तीसरे मैच में मंडी के ऋषि धवन ने पहला मैच खेला। आखिरी ओवर में मैदान में उतरे ऋषि को हालांकि ज्यादा मौका नहीं मिला, लेकिन गेंदबाजी में उनका प्रदर्शन कुल मिलाकर अच्छा रहा। मंडी के स्कूल बाजार स्थित घर पर माता-पिता और अन्य परिजनों ने मैच देखा। धवन की बल्लेबाजी और गेंदबाजी देखने के लिए दोस्त तथा प्रशंसकों की निगाहें टेलीविजन पर टिकी रहीं।
मैच देखने के बाद ऋषि धवन के पिता आरपी धवन ने कहा कि इंडिया टीम में ऋषि का पहला मैच था। बेटे का प्रदर्शन न ही खराब था और नहीं ज्यादा अच्छा था। रविवार को ऑस्ट्रेलिया के साथ खेले जा रहे वनडे सीरीज के तीसरे मैच में कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने ऋषि धवन को भी प्लेइंग इलेवन में स्थान दिया। मैच शुरू होते ही मंडी में भी उनके दोस्त तथा प्रशंसक टेलीविजन के आगे बैठ गए थे।
कहा, मेलबर्न में ऋषि धवन ने किया मिलाजुला प्रदर्शन
ऋषि के पिता आरपी धवन और माता शैली धवन ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मैच देखा। मैच के आखिरी ओवर में मैदान पर आए ऋषि धवन के शॉट देखने के लिए प्रशंसकों का हर एक गेंद पर उत्साह बना रहा। पांच गेंदों पर तीन रन बना कर ऋषि धवन नाबाद रहे। प्रशंसक मोहित, अक्षय, सुधांशु, दिनेश कुमार, जीवन लाल, अभिषेक आदि का कहना है कि पहले मैच में ऋषि धवन का प्रदर्शन ठीक रहा।
भले ही विकेट नहीं मिला, लेकिन ऋषि ने अन्य गेंदबाजों की तुलना में रन कम दिए हैं। ऋषि धवन के पिता आरपी धवन का कहना कि इंडिया टीम में ऋषि धवन का ऑस्ट्रेलिया के साथ पहला मैच था। बेटे ऋषि का मिला-जुला प्रदर्शन रहा। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऑस्ट्रेलिया के साथ अगले दो मैचों में ऋषि बेहतर प्रदर्शन करेगा।