मुख्यमंत्री ने फोन पर इंदु गोस्वामी को आश्वासन दिया है कि वह खुद मसला सुलझा लेंगे। सीएम ने इंदु को फिलहाल कोई भी बयान मीडिया में जारी न करने के लिए कहा है। माना जा रहा है कि सीएम नहीं चाहते कि कांगड़ा में मचे हंगामे का असर धर्मशाला और पच्छाद विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव पर पड़े।
इसलिए माना जा रहा है कि इंदु गोस्वामी उपचुनाव तक खुले रूप से संगठन से दो-दो हाथ करने से परहेज कर सकती हैं। पहले इंदु की धर्मशाला आकर मीडिया के समक्ष अपना दर्द बयां करने की योजना थी, जिसे उन्होंने सीएम का आश्वासन मिलने के बाद फिलहाल के लिए टाल दिया है।
अमर उजाला से इंदु गोस्वामी ने कहा कि वह अभी दिल्ली में हैं। अपनी बात वह संगठन नेतृत्व के समक्ष ही रखेंगी। उन्होंने माना कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भी उनकी बात हुई है। उधर, भाजपा संगठन मंत्री पवन राणा के खिलाफ खुलेआम मोर्चा खोलने वाले विधायक रमेश धवाला भी सीएम की डेडलाइन के इंतजार में शांत बैठे हुए हैं।