बोले, फील्ड में काम करने के लिए जाते हैं अधिकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
जुन्गा (शिमला)। कुल्लू जिले में सरकारी कार्य के दौरान पटवारी और कानूनगो पर हुए जानलेवा हमले पर राजस्व अधिकारी भड़क गए हैं। हिमाचल प्रदेश राजस्व अधिकारी महासंघ ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए सरकार से आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की है।
महासंघ से प्रदेशाध्यक्ष नारायण सिंह वर्मा, महासचिव विपिन वर्मा और प्रेस सचिव हेमराज शर्मा ने सरकार से मांग की है कि पटवारी और कानूनगो पर हमला करने वाले आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे पहले चंबा और मंडी जिले के रिवालसर में भी राजस्व विभाग के पटवारी और कानूनगो के साथ ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। राजस्व विभाग के कर्मचारियों पर आए दिन हो रहे हमले चिंता का विषय है। सरकार को इस बारे गंभीरता से विचार करना चाहिए। राजस्व अधिकारी महासंघ पटवारी और कानूनगो के समर्थन में खड़ा है। महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष नारायण सिंह वर्मा ने कहा कि फील्ड में जमीन की निशानदेही, तकसीम आदि कार्य बहुत ही संवेदनशील है। राजस्व कर्मचारियों को भूमि संबंधी कार्यों के लिए फील्ड में जाना पड़ता है। इस दौरान कोई सुरक्षा नहीं मिलती। कई बार लोग अपने पक्ष में तकसीम या निशानदेही न होने की स्थिति पर हिंसक हो जाते हैं और कर्मचारियों के साथ झगड़ा करते हैं। महासंघ ने सरकार से मांग की है कि फील्ड में तकसीम या निशानदेही के दौरान राजस्व कर्मचारियों को सुरक्षा प्रदान की जाए।