राजस्व अधिकारी संघ मांगों को लेकर 19 अगस्त को पैन डाउन स्ट्राइक करेगा। रविवार को प्रदेश राजस्व अधिकारी संघ की बैठक होटल राजमहल में हुई। अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष नारायण चौहान ने की। प्रदेश कार्यकारिणी और जिला पदाधिकारियों ने अपनी मांगों को लेकर चल रहे संघर्ष पर चर्चा की।
पढ़ें, 19 अगस्त से शुरू होगा पटवारियों का वर्क टू रूल
प्रदेशाध्यक्ष नारायण चौहान ने कहा कि 21 अगस्त को संयुक्त समन्वय समिति की बैठक राजस्व सचिव के साथ होगी। राजस्व अधिकारियों का एचएएस कोटा 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 35 साल करने, राजस्व अधिकारियों को गाड़ियां देने, कलेक्टर रेवन्यू के पद एचएएस के स्केल और टाइम स्केल समेत सृजित करने की मांगें सरकार नहीं मानती है तो राजस्व अधिकारी अपना आंदोलन जारी रखेंगे।
साथ ही मांग की कि नायब तहसीलदार पदोन्नति के लिए चार साल कार्यकाल के बजाय दो साल किया जाए। चेताया कि सरकार की ओर से अगर संयुक्त समन्वय समिति की मांगों पर गौर नहीं किया गया तो आने वाले समय में राजस्व अधिकारी सामूहिक अवकाश पर जाने और रजिस्ट्रियां करने का काम बंद करने पर बाध्य होंगे।
राजस्व अधिकारी काले बिल्ले लगाकर अपना कार्य कर रहे हैं। बावजूद इसके सरकार पर असर नहीं हो रहा है। उन्होंने बताया कि 19 अगस्त को एक दिन की पैन डाउन स्ट्राइक की जाएगी। इसकी भरपाई के लिए 24 अगस्त को कैंडल लाइट में कार्य किया जाएगा।
इस बारे में सरकार को नोटिस दिया है। इस दौरान राजस्व अधिकारी संघ के पदाधिकारियों में अरुण शर्मा, अजय पराशर, सुनील और जयगोपाल शर्मा भी मौजूद थे।