सीमावर्ती क्षेत्र नेसंग भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल कैंप से जौंगचिन ला के लिए सड़क निर्माण के सर्वे पर निकले सेवानिवृत्त डीआईजी की पहाड़ी से गिरकर मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक एसआर राणा ने बताया कि मंगलवार को किन्नौर जिले के पूह खंड के नेसंग भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल कैंप से आईटीबीपी जवानों के साथ लोक निर्माण विभाग पूह, बीएसएफ से सेवानिवृत्त डीआईजी एससी नेगी (70), गांव नेसंग, तहसील पूह (किन्नौर) की टीम नेसंग से जौंगचिन ला तिब्बत सीमा तक सड़क निर्माण का सर्वे करने जा रही थी। इस बीच रिटायर्ड डीआईजी एससी नेगी का पैर फिसला और वह करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरे। इससे उनकी मौत हो गई।
बुधवार को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल ने एससी नेगी के शव को गंगटम ला ढांक से निकाला और गंगटम ला हेलीपैड तक पहुंचाया। यहां से हेली सेवा से पूह आर्मी के सेक्टर हेडक्वार्टर पूह पहुंचाया जाएगा। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूह लाया जाएगा और फिर उनके गृहक्षेत्र नेसंग भेज दिया जाएगा। उपायुक्त किन्नौर गोपाल चंद ने कहा कि पूर्व अधिकारी की पैर फिसलने से मौत हो गई है। बीते दिन उनके खाई में गिरने की सूचना जिला प्रशासन को मिली थी। डिजास्टर मैनेजमेंट के प्रधान सचिव से हेलीकाप्टर की मांग की गई है। इससे मृतक का शव पूह और फिर उनके गांव पहुंचाया जाएगा।