पेड़ गिरने की आशंका को देखते हुए हिमुडा ए वन ब्लॉक के अलावा सुरजीत कुमार, सुनील, वीरेंद्र खाची, ओमप्रकाश के मकानों में रह रहे कई परिवारों ने दूसरे घरों में जाकर रात गुजारी।
सूचना मिलते ही मंगलवार सुबह नौ बजे मेयर कुसुम सदरेट, डिप्टी मेयर राकेश शर्मा, निगम, हिमुडा और वन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने कहा कि जब तक पेड़ नहीं काटा जाएगा, इसके गिरने की आशंका से दहशत रहेगी।
लेकिन वन विभाग इसे कटवाने को तैयार नहीं था। पार्षद के अनुसार जब सभी लोगों ने लिखित में इसे कटवाने को कहा तब जाकर कार्रवाई हुई। वहीं, शाम तक सड़क पर मलबा पड़ा रहा जिससे यातायात ठप रहा।
निगम के कर्मचारियों ने शाम के समय यातायात बहाल किया। महापौर कुसुम सदरेट ने कहा कि हिमुडा कालोनी का डंगा ढहने से यातयात बंद हुआ था। फिलहाल पेड़ कटवा लिया गया है।
शहर में खस्ताहाल डंगे और 103 पेड़ लोगों के घरों पर खतरा बनकर मंडरा रहे हैं। न्यू शिमला, बीसीएस, कंगनाधार और विकासनगर में हिमुडा की कालोनियों के ज्यादातर डंगे खस्ताहाल हो चुके हैं।
ये आए दिन ढह रहे हैं। इससे पहले सोमवार को भी कंगनाधार में हिमुडा कालोनी का डंगा ढह गया था। इसके अलावा नगर निगम के पास 103 पेड़ों को कटवाने की शिकायतें आई हैं।
लोगों ने खतरनाक बन चुके इन पेड़ों को कटवाने की शिकायत की है। लेकिन निगम ने अभी इनका निरीक्षण भी शुरू नहीं किया है। ऐसे में इस बरसात में इनसे निजात मिलने की उम्मीद कम ही है।