पत्रकार वार्ता करते अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने कहा कि देश में चल रहे आरक्षण को जल्द बंद किया जाए। अन्यथा जातिगत न होकर आमजन को आर्थिक आधार पर आरक्षण दिया जाए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आर्थिक आरक्षण को लेकर आवाज बुलंद की जाएगी। इसके लिए जल्द ही प्रत्येक जोन में बैठक की जाएगी और जनमानस को तैयार किया जाएगा।
ऊना में रविवार को पत्रकार वार्ता में महिंद्र सिंह ने कहा कि आरक्षण वोट की राजनीति की देन है। इसी के चलते राजनीतिक पार्टियों ने आरक्षण को बढ़ावा देकर वोट बटोरने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि अब समय की मांग है कि देश की खुशहाली व आपसी भाईचारे को बढ़ाने के लिए आरक्षण को खत्म किया जाए।
जरूरत हो तो आरक्षण का आधार केवल और केवल आर्थिक रखा जाए। क्षेत्रीय महासभा राजनीति पार्टियों, सांसदों व विधायकों पर भी दबाव बनाएगी, जिससे वे इस मांग को पूरा करवाने के लिए प्रयास करें। उन्होंने कहा कि न्यायालय ने भी जातीय आरक्षण को सही
नहीं ठहराया है, ऐसे में केंद्र सरकार को आरक्षण को लेकर नए सिरे से विचार करना चाहिए। इस अवसर पर पंजाब महासभा के अध्यक्ष दविंद्र सिंह राणा, चंडीगढ़ के अध्यक्ष राणा सुखदेव सिंह, उपप्रधान डा. जेबीएस राणा सहि अन्य उपस्थित रहे। Published by Arvind Thakur