शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर 70वें गणतंत्र दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने तिरंगा फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली। इस मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी मौजूद रहे। एयरफोर्स के हेलीकॉप्टरों ने रिज मैदान पर पुष्प वर्षा की। हेलीकाप्टर ने करीब 25 किलो फूल परेड के दौरान बरसाए।
गणतंत्र दिवस परेड में सैनिक अर्धसैनिक बलों, पुलिस होम गार्डस फायर सर्विस के साथ ही छात्रों की कुल मिलाकर 27 टुकड़ियों ने भाग लिया। मुख्य डाकघर से देश भक्ति के गीतों की धुनों पर यह टुकड़ियां रिज मैदान पहुंचीं। परेड देखने के लिए रिज और माल रोड पर सैकड़ों की तादाद में आम लोग और पर्यटकों की भीड़ जुटी। रिज मैदान से जवानों की टुकड़ियां और अलग-अलग विभागों की झांकियां गुजरीं।
गणतंत्र दिवस समारोह में विभागों, निगमों और बोर्ड की झांकियों ने प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लेकर आम लोगों को जागरूक किया। सांस्कृतिक दलों ने अपने-अपने जिले के सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। समारोह में पर्यटन विभाग, भाषा एवं संस्कृति विभाग, उद्योग विभाग, वन, कृषि, उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग, हिम ऊर्जा, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम शिमला, विद्युत बोर्ड, पुलिस, शिक्षा विभाग, स्टेट फोरेंसिक साइंस विभाग, ग्रामीण विकास विभाग की झांकियां निकलीं।
समारोह में जिला सिरमौर, ऊना, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा, शिमला जिला के सांस्कृतिक दलों के साथ रामपुर स्कूल के छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं एनजेडसीसी राजस्थान और पंजाब ने भी रंगारंग प्रस्तुतियां से सबका मन मोह लिया।