ऊना में ओमिक्रॉन से संक्रमित दो व्यक्तियों के संपर्क में आए करीब 16 लोगों के सैंपल लिए गए। इनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमन कुमार शर्मा ने जिलावासियों से अपील की है कि लक्षणों वाले व्यक्ति बिना डॉक्टरी सलाह दवाएं न खरीदें। अगर किसी को सर्दी, खांसी या बदन दर्द जैसे लक्षण हैं तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच करवाएं।
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में ओमिक्रॉन वैरिएंट के दो मामलों की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। हालांकि, ओमिक्रॉन से संक्रमित दो व्यक्तियों के संपर्क में आए करीब 16 लोगों के सैंपल लिए गए। इनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। ओमिक्रॉन की पुष्टि के लिए दिल्ली भेजे गए दो सैंपल की अभी रिपोर्ट आना शेष है। जिले में फ्रांस और दुबई से लौटे दो व्यक्तियों में वैरिएंट ओमिक्रॉन से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। विदेश से लौटे इन दो व्यक्तियों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद छह जनवरी को दोनों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए दिल्ली प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए थे और उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों व्यक्ति स्वस्थ हैं।
विज्ञापन
एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य विभाग ने विदेश से संपर्क में आए सभी व्यक्तियों के कोरोना टेस्ट करवाए थे। सभी निगेटिव पाए गए। विदेश से लौटे एक व्यक्ति के संपर्क में 16 व्यक्ति थे, जबकि दूसरे के संपर्क में सिर्फ एक ही व्यक्ति था। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमन कुमार शर्मा ने जिलावासियों से अपील की है कि लक्षणों वाले व्यक्ति बिना डॉक्टरी सलाह दवाएं न खरीदें। अगर किसी को सर्दी, खांसी या बदन दर्द जैसे लक्षण हैं तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच करवाएं। सार्वजनिक स्थानों पर उचित दूरी को सुनिश्चित करें और मास्क अवश्य लगाएं।