भवन नियमित करवाने की तैयारी में बैठे शिमला के हजारों भवन मालिकों को नगर निगम बड़ी राहत देने की तैयारियों में है। भवन नियमितीकरण के नक्शे वार्डों में भी जमा हो सकेंगे। स्थानीय लोगों को नगर निगम दफ्तर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
विधानसभा के शीतकालीन सत्र में संशोधन विधेयक पास होने के बाद लोगों को आवेदन करने के लिए तीस दिन का समय दिया जाएगा। कनिष्ठ अभियंता दस्तावेजों की पूरी जांच करेंगे। कागजों में रही कमियों को मौके पर दूर किया जाएगा।
निगम सूत्रों ने बताया है कि जल्द ही इस योजना को अमलीजामा पहना दिया जाएगा। वास्तुक योजनाकार केएस चौहान ने बताया कि अधिसूचना जारी होने के बाद इस पर कार्यवाही शुरू होगी। भवन नियमित करवाने वाले लोगों को आवेदन करने के लिए राज्य सरकार तीस दिन का समय देगी।
पहले सरकार के अध्यादेश पर आवेदकों को 45 दिन में आवेदन करना था। अब बिल को मंजूरी मिलने से अधिसूचना जारी होने की तारीख से तीस दिन की अवधि आवेदन को मिलेगी। लिहाजा इस अवधि के भीतर ही लोगों को भवनों को नियमित करने के लिए आवेदन करने होंगे। तभी भवन मालिकों को इसका फायदा मिलेगा।