अटल पेंशन योजना में 64,727 ने कराया पंजीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। जिला स्तरीय त्रैमासिक समीक्षा एवं सलाहकार समिति की बैठक वीरवार को बचत भवन में उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में हुई। इसमें बैंकिंग क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को लेकर खंड स्तर पर चर्चा की गई।
डीसी अनुपम कश्यप ने कहा कि जिले में पीएम सुरक्षा बीमा योजना के तहत 3,20,355, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 1,35,814 और अटल पेंशन योजना के तहत 64,727 लोगों ने पंजीकरण करवाया है। 130 स्वयं सहायता समूहों को 3 करोड़ 39 लाख रुपये और पीएम स्वरोजगार सृजन कार्यक्रम में 22 मामलों के तहत 1 करोड़ 70 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। बैंकों में मार्च 2024 की तिमाही के बाद से सीडी (कैश डिपाजिट) अनुपात 44.09 फीसदी से घटकर 43.27 रह गया है। इस तिमाही जमा राशि में 2.71, अग्रिम राशि में 0.81, प्राथमिकता क्षेत्र में 1.15, कृषि में 1.66, एमएसएमइ में 2.35, शिक्षा ऋण में 0.39 और भवन निर्माण ऋण में 1.14 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने बैंकिंग अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सरकार की योजनाओं एवं बैंकिंग प्रणाली से अवगत करवाने के निर्देश भी दिए। 6 बैच के माध्यम से लगभग 198 लोगों को प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना के तहत सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले पंजाब नेशनल बैंक प्रबंधन को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। बताया कि अक्तूबर माह के दौरान जिले के दुर्गम क्षेत्र डोडरा क्वार में जिला स्तरीय वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक यूको बैंक भीमा दत्ता मौजूद रहे। संवाद