मरीजों को हर रोज घंटों लाइनों में होना पड़ता था परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) जोनल अस्पताल में पर्ची काउंटर पर मरीजों की लगने वाली कतारें अब कम होंगी। अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों की सुविधा के लिए पुरानी बिल्डिंग में भी पर्ची काउंटर खोल दिया है। अब मरीज आसानी से इस काउंटर पर भी पर्ची बनवा सकेंगे।
अभी तक अस्पताल में केवल एक ही काउंटर था। इस कारण मरीजों की लंबी कतारें लगी रहती थीं। एक काउंटर के आगे महिला, पुरुष और बुजुर्गों की अलग-अलग लाइनें लगती थीं। इसके अलावा मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने वाले लोग भी भीड़ में खड़े रहते थे, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता था। मरीजों और अन्य लोगों की सुविधा को देखते हुए अलग से काउंटर खोलने से राहत मिलेगी। डीडीयू जोनल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लोकेंद्र शर्मा ने बताया कि अस्पताल में मरीजों की समस्या का समाधान किया गया है। अस्पताल में स्टेट मेडिकल बोर्ड भी है, जिसके कारण यहां मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने वालों की भीड़ रहती है। नए काउंटर से मरीजों और अन्य लोगों को सुविधा मिलेगी।