प्रदेश में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के बावजूद कई विधायकों का गाड़ी पर लाल बत्ती लगी हुई है। हालांकि, लाल बत्ती का इस्तेमाल हो रहा है या नहीं। इसका पता नहीं। ऐसा ही एक मामला बिलासपुर में सामने आया है।
बिलासपुर ट्रैफिक पुलिस की टीम ने कुल्लू जिले के बंजार के विधायक कर्ण सिंह की गाड़ी पर लगी लाल बत्ती को उतरवा दिया। हालांकि, कर्ण सिंह का कहना है कि लाल बत्ती कवर से ढकी हुई थी।
वीरवार को कुल्लू से बद्दी की ओर जा रहे बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक कर्ण सिंह को पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा। बिलासपुर कॉलेज चौक पर पहुंचने पर जिला यातायात पुलिस ने विधायक की गाड़ी को रोका और कवर से ढकी लाल बत्ती को उतारा दिया।
हालांकि, इस दौरान गाड़ी का चालान नहीं किया गया है। उधर, विधायक कर्ण सिंह का कहना है कि गाड़ी पर लगी लाल बत्ती कवर से ढकी थी। बिलासपुर जिला यातायात पुलिस के विरोध पर गाड़ी पर लगी बत्ती को उतार दिया गया है।
जिला यातायात पुलिस अधिकारी नरेंद्र कटारिया ने कहा कि विधायक की गाड़ी पर कवर से ढकी लाल बत्ती को उतारा गया है। उन्होंने कहा कि नियमों की अवहेलना सहन नहीं होगी।