कई साल से प्रॉपर्टी टैक्स न चुकाने वाले डिफाल्टरों की कुर्क संपत्ति को नगर निगम नीलाम करने जा रहा है। 29 अगस्त को 87 टैक्स डिफाल्टरों को टैक्स चुकाने का अंतिम मौका दिया गया है।
अगर इस तारीख तक भी डिफाल्टरों ने टैक्स जमा नहीं करवाया तो नगर निगम संपत्ति की बोली लगाकर नीलामी कर देगा। हाईकोर्ट के आदेशानुसार कार्रवाई कर रहे नगर निगम को यह 87 मामले तहसीलदार रिकवरी ने भेजे हैं।
सहायक आयुक्त नरेश ठाकुर के कोर्ट में 29 अगस्त को इन 87 मामलों की सुनवाई होगी। नगर निगम की कर शाखा से जुटाए गए आंकड़ों के अनुसार टैक्स डिफाल्टरों से 2.44 करोड़ की राशि वसूली जानी है।
730 डिफाल्टरों से बकाया लिया जाना है। 53 लाख रुपये का बकाया टैक्स सरकारी विभागों से भी वसूल करना है। पहले चरण में 87 मामले तहसीलदार रिकवरी को भेजे गए थे। इन मामलों में अब 29 अगस्त को सुनवाई होगी।
अगर डिफाल्टर बकाया चुकाने को राजी नहीं हुए तो कुर्क की गई संपत्ति की बोली लगा दी जाएगी।