रूसा कमेटी की उच्च शिक्षा निदेशालय में चौथी बैठक हुई। सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक चली बैठक में सभी सदस्यों से चर्चा कर रिपोर्ट सरकार को सौंपने के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया।
दोपहर करीब डेढ़ बजे निदेशालय में पूर्व कुलपति सुनील गुप्ता की अध्यक्षता में गठित की गई रूसा कमेटी ने शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज को रिपोर्ट सौंपी। कमेटी के अध्यक्ष पूर्व कुलपति सुनील गुप्ता ने बताया कि छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए रिपोर्ट तैयार की गई है।
सेमेस्टर सिस्टम खत्म कर वार्षिक परीक्षा प्रणाली शुरू करने से हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) सहमत नहीं है। रिपोर्ट में एचपीयू का पक्ष भी रखा गया है। एचपीयू ने वार्षिक परीक्षा प्रणाली को इसी शैक्षणिक सत्र से शुरू करने का विरोध करते हुए कम से कम एक साल का समय मांगा है।
देश के अन्य राज्यों में सेमेस्टर सिस्टम का हवाला देते हुए केंद्र से मिलने वाली रूसा ग्रांट प्रभावित होने की बात भी कही है। एक साथ प्रदेश में चार परीक्षा प्रणालियां चलने पर व्यवस्था चौपट होने का हवाला भी दिया गया है।